वाशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि हम देश से अपराधियों को बाहर निकाल रहे हैं। हमारे प्रशासन ने इसके लिए निर्वासन उड़ानें शुरू कर दी हैं।
ट्रंप के अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति का पद ग्रहण करने के मात्र चार दिनों के भीतर ही ट्रंप प्रशासन ने सैन्य विमानों का उपयोग करते हुए अवैध अप्रवासियों के लिए निर्वासन उड़ानें शुरू कर दी हैं। ट्रंप ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, निर्वासन उड़ानें शुरू हो गई हैं, हम पूरी दुनिया को कड़ा और स्पष्ट संदेश दे रहे हैं कि अगर आप अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश करते हैं, तो आपको गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। निर्वासन प्रक्रिया बेहद अच्छी तरह से जारी है। हम बुरे, खूंखार अपराधियों को बाहर निकाल रहे हैं। ये हत्यारे हैं, ये वे लोग हैं जो सबसे बुरे हैं।
व्हाइट हाउस ने की घोषणा : व्हाइट हाउस ने बड़े पैमाने पर निर्वासन अभियान शुरू करने की घोषणा की। कहा, राष्ट्रपति ट्रंप अवैध प्रवासियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के अपने वादे को निभा रहे हैं। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि एक संदिग्ध आतंकवादी, ट्रेन डी अरागुआ गिरोह के चार सदस्य और नाबालिगों के खिलाफ यौन अपराधों के दोषी कई व्यक्तियों सहित 538,अवैध अप्रवासी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। निर्वासन उड़ानें शुरू हो गई हैं, सैकड़ों लोगों को पहले ही सैन्य विमानों के माध्यम से निर्वासित किया जा चुका है।
कई विधेयक पेश किए : कनेक्टिकट,हवाई, मैसाचुसेट्स, न्यू मैक्सिको, ओरेगन और वाशिंगटन जैसे राज्यों में डेमोक्रेटिक पार्टी आप्रवासियों के लिए स्वास्थ्य देखभाल और उच्च शिक्षा का विस्तार करने का प्रयास कर रही है। साथ ही मकान मालिकों से आव्रजन स्थिति के बारे में पूछताछ, इसे रोकने या नए आप्रवासी हिरासत केंद्र खोलने के प्रयासों को रोकने की कोशिश में है। न्यूयॉर्क विधानसभा की सदस्य कैटालिना क्रूज ने अप्रवासियों की सहायता के लिए छह से अधिक विधेयक पेश किए हैं|
