Home » ताजा खबर » आज की ताजा खबर…

आज की ताजा खबर…

Facebook
Twitter
WhatsApp

सिंगापुर की GSC ने उत्तर प्रदेश में 100 मेगावाट डेटा सेंटर के लिए 8000 करोड़ का निवेश किया…

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ हाल ही में हुई बैठक में सिंगापुर की वैश्विक निवेश कंपनी गोल्डन स्टेट कैपिटल (GSC) के निदेशक सुमित नंदा ने उत्तर प्रदेश में 100 मेगावाट क्षमता वाला डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए 8000 करोड़ रुपये का निवेश करने की घोषणा की। यह परियोजना राज्य में डिजिटल अवसंरचना को मजबूत करने के साथ-साथ आईटी और तकनीकी क्षेत्र में नए रोजगार के अवसर भी पैदा करेगी। मुख्यमंत्री योगी ने निवेश की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम उत्तर प्रदेश को डिजिटल निवेश और टेक्नोलॉजी हब के रूप में विकसित करने में मदद करेगा। GSC के इस निवेश से राज्य की डिजिटल अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा और निवेशकों के लिए उत्तर प्रदेश एक आकर्षक गंतव्य बनकर उभरेगा।

लंबे समय तक सहमति से संबंध को नहीं माना जायेगा दुष्कर्म : हाईकोर्ट

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा है कि दो कामकाजी बालिगों के बीच लंबे समय तक सहमति से संबंध रहे हों, तो शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप दुष्कर्म नहीं माना जा सकता। यह केवल उनके बीच उपजे मतभेद का परिणाम हो सकता है। इस टिप्पणी के साथ न्यायमूर्ति राजीव लोचन शुक्ला की एकल पीठ ने देहरादून में तैनात बैंककर्मी की अग्रिम जमानत मंजूर कर दी। मामला गौतमबुद्ध नगर के बिसरख थाना क्षेत्र का है। पीड़िता का आरोप था कि याची ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और अब शादी से इंकार कर रहा है। याची के अधिवक्ता ने कोर्ट को बताया कि पीड़िता भी कामकाजी महिला है और उम्र में याची से बड़ी है। दोनों के बीच लंबे समय से सहमति से संबंध बने थे और याची ने कभी धोखे का इरादा नहीं किया। कोर्ट ने व्हाट्सएप बातचीत की जांच में पाया कि दोनों पक्षों के बीच पुराने रिश्ते थे और दोनों बालिग हैं।

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और राज्यों से मांगा जवाब….

सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण बढ़ने के मुद्दे पर केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान के अधिकारियों से जवाब तलब किया है। अदालत ने कोयला आधारित उद्योग, निर्माण कार्य से धूल और वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर उठाए गए कदमों का ब्योरा मांगा है। कोर्ट ने केंद्र सरकार से 300 किलोमीटर के दायरे में नए कोयला संयंत्र न लगाने के प्रस्ताव, और दिल्ली सरकार से सीएक्यूएम के सुझाए गए लॉन्ग-टर्म सॉल्यूशन के लिए एक्शन प्लान जमा करने का निर्देश दिया है। अगली सुनवाई 12 मार्च को होगी।

भारत ने नागरिकों को ईरान से तुरंत निकलने की सलाह दी…..

भारतीय विदेश मंत्रालय ने अपने नागरिकों को ईरान से तुरंत सुरक्षित बाहर निकलने की सलाह दी है। मंत्रालय ने कहा कि नागरिक प्रदर्शन वाली जगहों से दूर रहें, अपने पासपोर्ट और पहचान पत्र साथ रखें और भारतीय दूतावास से संपर्क में रहें। विदेश मंत्रालय ने आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर और ईमेल भी जारी किए हैं। यह चेतावनी उस समय आई है जब पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ रहा है और ईरान में नए प्रदर्शन शुरू हो गए हैं।

NEET PG केवल सीट आवंटन तय करता है, डॉक्टरों की योग्यता नहीं; मरीज सुरक्षा पर भी दिया स्पष्टीकरण : सुप्रीम कोर्ट

केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में कहा कि नीट-पीजी 2025 केवल पोस्टग्रेजुएट सीटों के आवंटन के लिए मेरिट सूची तैयार करता है, न कि उम्मीदवार की क्लिनिकल क्षमता मापता है। सभी अभ्यर्थी पहले से ही लाइसेंसधारी एमबीबीएस डॉक्टर हैं। सरकार ने बताया कि कट-ऑफ घटाने का निर्णय खाली सीटों की संख्या (तीसरे राउंड में 2,988 सीटें रिक्त) को देखते हुए लिया गया। इससे अतिरिक्त 1,00,054 उम्मीदवार तीसरे राउंड के लिए पात्र हुए। शैक्षणिक मानक नहीं घटे और प्रशिक्षण वरिष्ठ संकाय की निगरानी में होता है। केंद्र ने कहा कि यह नीतिगत निर्णय है, जो स्वास्थ्य संसाधनों की बर्बादी रोकने और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता बढ़ाने के लिए लिया गया।

शेयर बाजार में मजबूती, सेंसेक्स 83,294 और निफ्टी 25,713 पर हुआ बंद

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार मजबूती के साथ बंद हुआ। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 479.95 अंक या 0.58 प्रतिशत बढ़कर 83,294.66 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 141.75 अंक या 0.55 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,713.00 के स्तर पर बंद हुआ। विश्लेषकों का कहना है कि घरेलू शेयरों में यह तेजी वैश्विक संकेतों और निवेशकों की सकारात्मक धारणा से आई। बैंकिंग, ऊर्जा और आईटी सेक्टर के शेयरों में मजबूती देखने को मिली, जिससे प्रमुख सूचकांक में उछाल आया। आज के कारोबार में रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, इंफोसिस और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज जैसे बड़े शेयरों ने सेंसेक्स की बढ़त में अहम योगदान दिया। इसके अलावा, विदेशी निवेशकों का धन प्रवाह और कच्चे तेल में स्थिरता ने भी बाजार को सहारा दिया। विशेषज्ञों ने कहा कि निवेशक फिलहाल मध्यम अवधि में बाजार की दिशा पर नजर बनाए हुए हैं और वैश्विक आर्थिक संकेतकों के आधार पर अगले कदम उठा रहे हैं। आने वाले दिनों में रिजर्व बैंक की नीतियों और अंतरराष्ट्रीय आर्थिक घटनाक्रम बाजार की दिशा तय करेंगे।

लिवर कैंसर के बाद अब दीपिका कक्कड़ को हो गया स्टमक सिस्ट, जानिए क्या है ये समस्या?

मशहूर टीवी अभिनेत्री और बिग बॉस सीजन 12 की विजेता दीपिका कक्कड़ को लिवर कैंसर से उबरने के बाद अब पेट में सिस्ट की समस्या हुई है। उनके पति और अभिनेता शोएब इब्राहिम ने व्लॉग में बताया कि हाल ही में अचानक पेट दर्द बढ़ने पर उन्हें हॉस्पिटल ले जाना पड़ा। जांच में पता चला कि पेट में 13 मिमी का सिस्ट बन गया है। क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, स्टमक सिस्ट तरल पदार्थ से भरी गांठ होती है, जो पेट की विभिन्न जगहों पर बन सकती है। ज्यादातर सिस्ट बिनाइन होती हैं और हल्की समस्याओं वाली होती हैं, लेकिन बड़े सिस्ट दर्द, सूजन और दबाव जैसी परेशानियां पैदा कर सकते हैं। दीपिका का उपचार मंगलवार से शुरू होगा और उन्हें कुछ दिन अस्पताल में रहना पड़ेगा।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बस पलटी, 7 लोंगो की हुई मौत

गोसाईगंज क्षेत्र के जौखंडी गांव में सोमवार शाम करीब 4:30 बजे तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला और उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे की वजह और जांच को लेकर पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

vartahub
Author: vartahub

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *