वाराणसी :- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रेलवे में महिला लोको पायलट ने ट्रेन की कमान संभाली। शनिवार को बनारस और वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशनों से महिला रेल कर्मियों ने दो मेमू पैसेंजर का संचालन किया। बनारस स्टेशन से झूंसी के लिए ट्रेन संख्या 65129 (बनारस-झूंसी डेमू) को स्टेशन अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाई। साथ ही वाराणसी सिटी से ट्रेन संख्या 65106 (वाराणसी सिटी-गाजीपुर सिटी डेमू) को रवाना किया।
संचालन पूरी तरह से महिला कर्मचारियों (महिला क्रू और रनिंग स्टाफ) ने किया। डीआरएम वीके श्रीवास्तव ने बताया कि वाराणसी मंडल के सभी संवर्गों में महिलाएं कार्यरत हैं। आज महिलाएं रेलवे में लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर, कॉन्सटेबल, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), टीटीई, सिग्नग्व एवं दूर संचार अनुरक्षक और ट्रैक मेन्टेनर जैसे पदों पर सेवाएं दे रही हैं। आरपीएफ की ओर से महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए मेरी सहेली अभियान शुरू हुआ है। इसमें महिलाएं यात्रियों की सहायता करती हैं। रेलवे हेल्पलाइन 139 के बारे में जागरूक करती हैं। उधर, कैंट रेलवे स्टेशन से ट्रेन संख्या 18104 का संचालन पं. दीन दयाल उपाध्याय स्टेशन के लिए हुआ। लोको पायलट जेपी सिंह और सहायक लोको पायलट केएम. अंजलि ने संचालन किया।
