राजेश कुमार शर्मा (सह संपादक-वार्ताहब)
शक्तिनगर/सोनभद्र:मतदान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, खड़िया में राष्ट्रीय मतदाता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स (101 यू.पी. बटालियन, मिर्जापुर) ने ए.एन.ओ./सी.टी.ओ. सूरज पांडेय के कुशल निर्देशन में, पी.ई.टी. अल्पना शर्मा एवं निखिल दत्ता की देखरेख में एक भव्य प्रभात फेरी एवं जागरूकता परेड निकाली।
परेड में एनसीसी के लगभग 50 कैडेट्स विद्यालय के मुख्य द्वार से होते हुए खड़िया कॉलोनी परिसर में पहुँचे और “एक देश, एक चुनाव”, “भारत बोले—एक चुनाव”, “समय बचाओ, देश बचाओ” जैसे प्रभावशाली नारों से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान ए.आर.ओ./प्राचार्या श्रीमती संध्या एल. पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस प्रत्येक नागरिक के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी राष्ट्रवासियों से लोकतंत्र को सशक्त बनाने हेतु चुनाव में अनिवार्य रूप से भागीदारी करने की शपथ लेने का आह्वान किया तथा इस बात पर विशेष जोर दिया कि हर एक मत देश के भविष्य की दिशा तय करता है।
परेड एवं कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक अर्जुन मिश्रा, सूरज वर्मा, संतोष सहाय सहित अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
Author: Rajesh Sharma
.




