वाराणसी के ग्राम पंचायत परानापट्टी में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन लोक चेतना समिति के द्वारा किया गया। कार्यक्रम का विषय “उठो, जागो और अपनी शक्ति को पहचानो” रहा। इस अवसर पर बस्तीवार दर्जनों युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता रवि कान्त भारती ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि समतामूलक समाज की स्थापना के लिए युवाओं को जागरूक, संगठित और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध होना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अपनी शक्ति को पहचानकर सामाजिक परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में रुखसाना जी, मंजू जी एवं अजीत जी ने सामाजिक न्याय, आर्थिक न्याय एवं राजनीतिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि न्यायपूर्ण समाज की स्थापना तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक को समान अवसर, अधिकार और सम्मान मिले।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में सामाजिक चेतना का विकास करना, संविधान के मूल्यों को समझाना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को सशक्त बनाना रहा। उपस्थित युवाओं ने कार्यक्रम को प्रेरणादायी बताते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।




