नई दिल्ली, एजेंसी। भारत की सबसे बड़ी सरकारी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव का देश की तेल खरीद नीति पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
कंपनी के निदेशक (वित्त) अनुज जैन ने साफ किया कि वह रूस से कच्चा तेल खरीदना जारी रखेंगे, बशर्ते यह खरीद गैर-प्रतिबंधित संस्थाओं से की जाए। अमेरिका की ओर से रूस पर लगाए गए आर्थिक प्रतिबंधों और हाल ही में ट्रंप प्रशासन द्वारा भारत पर रूसी तेल से दूरी बनाने के आग्रह के बावजूद, आईओसी ने दिसंबर डिलीवरी के लिए रूस से पांच खेपों में,करीब 3.5 मिलियन बैरल तेल की खरीद का ऑर्डर दिया है। ये खेप रूस के कोज़्मिनो बंदरगाह से भेजी जाएंगी।
अनुज जैन ने बताया, हम रूस से तेल खरीदना पूरी तरह बंद नहीं करेंगे। हम केवल उन्हीं फर्मों और शिपिंग कंपनियों से खरीदते हैं जो किसी भी अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध के दायरे में नहीं आतीं। रूस से कच्चे तेल पर प्रतिबंध नहीं है, प्रतिबंध केवल कुछ रूसी कंपनियों, जहाजों और वित्तीय संस्थाओं पर हैं।





