वाराणसी :- प्रतिबिम्ब सेल टीम, साइबर सेल ने सारनाथ पुलिस के सहयोग से साइबर ठगी करनेवाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन लोगों को मंगलवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि पकड़े गये ठगों में बलिया का रहनेवाला अनीश वर्मा, देवघर (झारखंड) के पुरुषोत्तम कुमार और यही के टुकटुक कुमार पंडित हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरोह फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर क्रेडिट कार्ड बनाने/लिमिट बढ़ाने का विज्ञापन देता था। फिर इच्छुक व्यक्तियों से मोबाइल नंबर, पैन कार्ड, बैंक विवरण प्राप्त कर लेता था। इसके बाद ICICI Bank Credit Card के नाम से हूबहू दिखने वाला कूटरचित APK फाइल भेजकर इंस्टॉल करवाते थे। फिर भुक्तभोगी को वीडियोकाल कर के उसके वर्तमान क्रेडिट कार्ड का डीटेल प्राप्त कर लेते रहे। APK इंस्टॉलेशन के बाद पीड़ित के मोबाइल का OTP एवं SMS डेटा “ICICI Admin” ऐप पर प्राप्त कर लेते रहे। OTP का प्रयोग कर क्रेडिट कार्ड से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन/वॉलेट ट्रांसफर/वर्चुअल कार्ड जनरेट कर धन आहरित कर लेते रहे। पुलिस ने बताया कि गिरोह फर्जी सिम कार्ड और बार-बार बदले गए मोबाइल उपकरणों का प्रयोग करता रहा। जालसाजी से प्राप्त धनराशि को विभिन्न वॉलेट के माध्यम से रेंट पे फैसिलिटी का लाभ लेकर बैंक खातों में ट्रांसफर कर लेता रहा। कार्ड से सीधे पेमेंट कर आनलाइन खरीददारी करते रहे। प्रारंभिक जांच में करीब 50 लाख रुपये की साइबर ठगी का अनुमान है।
पुलिस ने बताया कि आरोपितों के कब्जे से दस मोबाइल फोन, 09 सिम कार्ड, 200 एपीके फाइलें आदि बरामद हुई हैं। पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार जालसाजों का पुराना अपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ वर्ष 2020 में लखनऊ पूर्वी साइबर थाना और 2025 में थाना साइबर क्राइम, देवघर झारखण्ड में मुकदमा दर्ज हो चुका है। इन तीनों की जिस मामले में गिरफ्तारी हुई उसमें पुलिस ने इनके खिलाफ धारा 111, 318, 318(4), 319, 336, 338, 340 भारतीय न्याय संहिता तथा धारा 660, 43, 66 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। इन्हें गिरफ्तार करनेवाली पुलिस टीम में प्रभारी साइबर सेल मनोज तिवारी, प्रतिबिम्ब सेल के प्रभारी एसआई हिमांशु त्रिपाठी, एसआई बुधराज, आरक्षी अंकित कुमार गुप्ता, आदर्श आनंद सिंह, जावेद अख्तर, देवेन्द्र प्रताप सिंह रहे।



