वाराणसी जिले की कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बालाजी घाट पर शनिवार को गंगा में डूबने से बस्ती जिले से आए 40 वर्षीय विवेक शर्मा की मौत हो गई। वह अपनी बहन और जीजा के साथ वाराणसी घूमने आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवेक शर्मा सुबह गंगा स्नान कर रहा था। इसी दौरान पानी में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया। विवेक को डूबता देख बहन और जीजा ने बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।
NDRF की टीम मौके पर पहुंची घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद विवेक का शव गंगा से बाहर निकाला गया। दोपहर बाद तक पुलिस शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई कर रही थी।
परिवार के लोगों को दी गई सूचना विवेक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने बताया कि विवेक के अन्य परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। वे बस्ती से वाराणसी के लिए निकल गए हैं। परिजनों के आने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।




