राजेश कुमार शर्मा सह संपादक-वार्ताहब
खड़िया/शक्तिनगर, 12 अक्टूबर। डीएवी पब्लिक स्कूल, खड़िया की बालिका टीम ने राज्य स्तरीय डीएवी स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। संभल जिले के बबराला स्थित डीएवी फर्टिलाइजर्स पब्लिक स्कूल में 8 से 10 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में टीम ने 8 स्वर्ण, 15 रजत और 5 कांस्य सहित कुल 28 पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता में डीएवी उत्तर प्रदेश के सात क्लस्टरों के 31 विद्यालयों से लगभग 1,400 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खड़िया विद्यालय की 25 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्राची, दिव्या, नेहा, माही, आराध्या, रूपाली, आकृति और अर्पिता सहित सभी प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा और खेल भावना का परिचय दिया।
समापन समारोह में डीएवी फर्टिलाइजर्स पब्लिक स्कूल, बबराला के अध्यक्ष श्री माया शंकर प्रसाद एवं एआरओ व प्राचार्य श्री आनंद स्वरूप सारस्वत ने विजेता टीम को चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की।
विद्यालय लौटने पर खिलाड़ियों का बैंड-बाजे और फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय की एआरओ एवं प्राचार्या श्रीमती संध्या एल. पांडेय ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए इस सफलता का श्रेय उनकी मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास को दिया। उन्होंने आगामी राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
इस उपलब्धि में शारीरिक शिक्षा शिक्षिका सुश्री अल्पना शर्मा के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण की विशेष सराहना की गई। विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Author: Rajesh Sharma
.




