राजेश कुमार शर्मा (सह संपादक-वार्ताहब)
शक्तिनगर,सोनभद्र। डीएवी पब्लिक स्कूल खड़िया में आयोजित अंतर-सदनीय बैडमिंटन एवं शतरंज प्रतियोगिताओं के फाइनल मुकाबले खेल भावना, उत्साह और रोमांच के बीच संपन्न हुए। प्रतियोगिताओं का शुभारंभ विद्यालय की ए.आर.ओ./प्राचार्या श्रीमती संध्या एल. पांडेय ने टॉस कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अनुशासन, समर्पण एवं खेल भावना के साथ खेलने का संदेश दिया।
बैडमिंटन के फाइनल मुकाबले में अरविंदो सदन और श्रद्धानंद सदन आमने-सामने रहे। अरविंदो सदन की कप्तान दिशा प्रजापति तथा श्रद्धानंद सदन की कप्तान शौर्या विश्वकर्मा के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पूरे मुकाबले में दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा और अंततः अरविंदो सदन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
वहीं अंतर-सदनीय शतरंज प्रतियोगिता में सभी सदनों के विद्यार्थियों ने अपनी रणनीति और बौद्धिक क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। बालक वर्ग के फाइनल में अरविंदो सदन ने प्रथम स्थान हासिल कर खिताब अपने नाम किया, जबकि विवेकानंद सदन द्वितीय और दयानंद सदन तृतीय स्थान पर रहा। बालिका वर्ग में श्रद्धानंद सदन ने प्रथम, अरविंदो सदन ने द्वितीय तथा विवेकानंद सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिताओं का सफल संचालन विद्यालय की पी.ई.टी. अल्पना शर्मा एवं निखिल दत्ता के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर ए.आर.ओ./प्राचार्या श्रीमती संध्या एल. पांडेय ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
विद्यालय परिसर तालियों की गूंज और खिलाड़ियों के उत्साह से सराबोर रहा। प्रतियोगिता का समापन हर्षोल्लास, खेल भावना और प्रेरणादायी वातावरण के साथ हुआ।
Author: Rajesh Sharma
.




