राजेश कुमार शर्मा, सह संपादक–वार्ताहब
ओबरा (सोनभद्र)। डीएवी पब्लिक स्कूल, ओबरा के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय डीएवी जोनल खेल प्रतियोगिता का शनिवार को खेल, उत्साह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के मनमोहक संगम के साथ भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा और खेल भावना का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन क्रिकेट का फाइनल मुकाबला विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों में उत्साह भर दिया। वहीं 1500 मीटर दौड़ में प्रतिभागी धावकों ने अपने उत्कृष्ट स्टेमिना और दमखम का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में ओवरऑल क्लस्टर चैंपियनशिप के परिणाम घोषित किए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर डीएवी बीना ने क्लस्टर विजेता का खिताब अपने नाम किया। डीएवी खड़िया और डीएवी अनपरा संयुक्त रूप से प्रथम उपविजेता रहे, जबकि मेजबान डीएवी पब्लिक स्कूल, ओबरा ने द्वितीय उपविजेता का स्थान हासिल किया।
समापन समारोह को विद्यार्थियों की सुमधुर गीत प्रस्तुति और मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य ने और भी आकर्षक बना दिया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे परिसर में उत्साह का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चांदनी देवी, जीएम श्री निखिल चतुर्वेदी, जीएम श्री ए.के. राय, एसई श्री जे.के. मिश्रा तथा एलएमसी सदस्य श्री अनुराग मिश्रा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में डीएवी पब्लिक स्कूल ओबरा की मैनेजर दीपा शरन, डीएवी बीना के प्राचार्य ए.के. शर्मा, डीएवी परासी की प्राचार्या रचना दुबे, डीएवी ऑडी की हेड सुनीता मिश्रा तथा डीएवी ओबरा विद्युत के हेड हरिकेश यादव भी विशेष रूप से मंच पर मौजूद रहे।
सभी सम्मानित अतिथियों ने मेजबान विद्यालय के प्राचार्य श्री संजय कुमार पांडेय के साथ विभिन्न खेल स्पर्धाओं में विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान खिलाड़ियों के चेहरे पर जीत की खुशी साफ झलक रही थी।
मेजबान विद्यालय के प्राचार्य श्री संजय कुमार पांडेय ने सभी विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा शानदार आयोजन के लिए पूरे ओबरा विद्यालय परिवार को बधाई दी।
दो दिवसीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन ने डीएवी विद्यालयों के विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी भाईचारे, अनुशासन और खेल भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया।
Author: Rajesh Sharma
.




