गाजियाबाद में पेपर मिल के बॉयलर में ब्लास्ट हो गया। हादसे में 3 मजदूरों की मौत हो गई। एक की हालत गंभीर है, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना भोजपुर क्षेत्र के देहात इलाके की है।
फैक्ट्री खेतों के बीच में बनी हुई है। शुक्रवार सुबह 6 बजे 4 मजदूर बॉयलर के पास काम कर रहे थे, तभी अचानक विस्फोट हो गया। मजदूर उछलकर 50 फीट दूर जा गिरे। तीन मजदूरों के चीथड़े उड़ गए। किसी का सिर तो किसी का हाथ कटकर अलग हो गया। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने कहा कि आग नहीं लगी थी। प्रेशर से बॉयलर का एक वाल निकल गया, जिसके चलते विस्फोट हो गया।
