राजेश कुमार शर्मा (सह संपादक-वार्ताहब)
शक्तिनगर,सोनभद्र। डीएवी पब्लिक स्कूल खड़िया में 28 सितंबर की शाम देवी दुर्गा के सम्मान में डांडिया नृत्य का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ ए.आर.ओ./प्राचार्या श्रीमती संध्या एल.पाण्डे जी ने शिक्षकों एवं पारिवारिक जनों के साथ डांडिया प्रस्तुत कर किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डांडिया नृत्य देवी दुर्गा और राक्षस महिषासुर के मध्य हुए युद्ध का प्रतीक है, जो बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है। यह न केवल देवी दुर्गा के सम्मान और जश्न का प्रतीक है, बल्कि सामुदायिक एकता, आध्यात्मिक शक्ति और सांस्कृतिक समरसता को भी प्रकट करता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने वरिष्ठ हिंदी शिक्षक श्री सी. सिंह के सेवा काल पूर्ण होने पर उन्हें भावभीनी विदाई दी। प्राचार्या महोदया ने उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया और कहा कि श्री सिंह एक कर्मठ, निष्ठावान एवं कुशल शिक्षक रहे हैं, जिन्होंने सदैव अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाया। उन्होंने उनके स्वस्थ और मंगलमय भविष्य की कामना भी की।
डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों और शिक्षक सम्मान के इस अवसर ने विद्यालय परिसर को उल्लास, भावुकता और सांस्कृतिक गौरव से सराबोर कर दिया।
Author: Rajesh Sharma
.




