Home » शहर » रंगभरी एकादशी 2026: काशी विश्वनाथ मंदिर व घाटों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा, ड्रोन-सीसीटीवी से होगी निगरानी

रंगभरी एकादशी 2026: काशी विश्वनाथ मंदिर व घाटों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा, ड्रोन-सीसीटीवी से होगी निगरानी

Facebook
Twitter
WhatsApp

वाराणसी :- रंगभरी एकादशी 2026 पर्व इस बार 27 फ़रवरी को मनाया जाएगा। जिसको लेकर कमिश्नरेट पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की रूपरेखा तैयार कर ली है। सोमवार को अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरि मीणा ने सम्पूर्ण यात्रा मार्ग, श्री काशी विश्वनाथ परिसर, आसपास के घाटों और अन्य संवेदनशील स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद पिनाक भवन में उच्चस्तरीय समन्वय बैठक कर विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं।

त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा, सघन चेकिंग…..मंदिर की बाहरी, मध्य और आंतरिक परिधि में तीन स्तर का सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा। सभी प्रवेश द्वारों पर एंटी-सबोटाज जांच, DFMD/HHMD से चेकिंग और बैगेज स्कैनिंग अनिवार्य रहेगी। छतों व ऊंचे भवनों पर निगरानी के साथ सादा वर्दी में पुलिसकर्मी भीड़ में तैनात रहेंगे। संदिग्ध वस्तु मिलने पर तत्काल बम निरोधक दस्ता सक्रिय होगा।

वीआईपी मूवमेंट के लिए अलग प्रोटोकॉल रहेगा, जबकि आम श्रद्धालुओं की कतार व्यवस्था प्रभावित न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।

भीड़ प्रबंधन: बैरिकेडिंग और होल्डिंग एरिया…….संभावित भीड़ को देखते हुए चरणबद्ध बैरिकेडिंग, पृथक प्रवेश-निकास मार्ग और होल्डिंग एरिया तय किए गए हैं। घाटों व संकरे मार्गों पर अतिरिक्त बल तैनात रहेगा। महिला, वृद्ध और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए सहायता डेस्क तथा “मिसिंग पर्सन हेल्प डेस्क” भी स्थापित की जाएगी। भगदड़ जैसी स्थिति से निपटने हेतु कर्मियों की विशेष ब्रीफिंग और मॉक ड्रिल कराई जाएगी।

ट्रैफिक डायवर्जन और ग्रीन कॉरिडोर……पूर्व निर्धारित डायवर्जन प्लान का व्यापक प्रचार किया जाएगा। नो-व्हीकल जोन में निजी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बाहरी जिलों से आने वाले वाहनों के लिए अस्थायी पार्किंग और शटल/पैदल मार्ग तय होंगे। एम्बुलेंस व फायर ब्रिगेड के लिए ग्रीन कॉरिडोर सुनिश्चित रहेगा।
ट्रैफिक कंट्रोल रूम से सीसीटीवी और ड्रोन के जरिए रियल-टाइम मॉनिटरिंग कर आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग सक्रिय किए जाएंगे।

सीसीटीवी-ड्रोन से 24×7 निगरानी………मंदिर परिसर, यात्रा मार्ग, घाटों और पार्किंग स्थलों पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की तकनीकी जांच अनिवार्य की गई है। कंट्रोल रूम में 24×7 शिफ्टवार ड्यूटी रहेगी। ड्रोन से भीड़ घनत्व का आकलन कर अतिरिक्त बल की तैनाती की जाएगी और फुटेज सुरक्षित रखी जाएगी।

अफवाह निरोधक और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग……..सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल 24×7 सक्रिय रहेगा। भ्रामक/उत्तेजक पोस्ट पर तत्काल विधिक कार्रवाई के निर्देश हैं। अधिकृत हैंडल से यातायात व सुरक्षा संबंधी सत्यापित अपडेट जारी किए जाएंगे। स्थानीय मीडिया से समन्वय कर जिम्मेदार रिपोर्टिंग की अपील की गई है।

चिकित्सा, अग्निशमन और आपदा प्रबंधन…….प्रमुख स्थलों पर अस्थायी चिकित्सा शिविर, रणनीतिक स्थानों पर एम्बुलेंस और फायर टेंडर तैनात रहेंगे। आपातकालीन निकास मार्ग अवरोधमुक्त रखने, खुले विद्युत तारों का सर्वेक्षण कराने और अस्थायी अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम संवेदनशील बिंदुओं का सर्वे करेगी।

जनसामान्य से अपील……Varanasi Police Commissionerate ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि निर्धारित मार्गों और कतार व्यवस्था का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

vartahub
Author: vartahub

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *