राजेश शर्मा (सह संपादक-वार्ताहब)
ओबरा/सोनभद्र।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 12वीं की परीक्षा में डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल ओबरा के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं शिक्षकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर सफलता का जश्न मनाया।
वाणिज्य वर्ग में नैन्सी गोयल ने 95.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। माही मित्तल ने 92 प्रतिशत, कृष्णा जैन ने 91.6 प्रतिशत, रीतिका पांडेय ने 91 प्रतिशत तथा सोनम जायसवाल ने 90.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विज्ञान वर्ग में आदर्श सिंह ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की। इसके अलावा श्रेयश कुमार ने 86.2 प्रतिशत एवं ईशा जायसवाल ने 85.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। मानविकी वर्ग में महिमा जायसवाल ने 88.4 प्रतिशत, नंदिनी सरकार ने 87.4 प्रतिशत तथा अनन्या तिवारी ने 84.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार पाण्डे ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, शिक्षकों के समर्पण एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं अनुशासित वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है और आगे भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
वहीं अभिभावकों ने भी विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय का सकारात्मक वातावरण, उत्कृष्ट शिक्षण व्यवस्था एवं प्रधानाचार्य का कुशल नेतृत्व ही बच्चों की सफलता का मुख्य आधार है।
Author: Rajesh Sharma
.




