SEBI ने ETF ट्रेडिंग के नियमों में बड़ा बदलाव किया है. 1 सितंबर 2026 से अधिकांश ETF के लिए फिक्स्ड प्राइस बैंड की जगह डायनेमिक प्राइस बैंड लागू होगा. इक्विटी और डेट ETF के लिए शुरुआती प्राइस बैंड 10 फीसदी रहेगा, जिसे जरूरत के अनुसार 20 फीसदी तक बढ़ाया जा सकेगा l
ETF के लिए क्या बदलेगा..फिलहाल ETF पर दो दिन पुराने नेट एसेट वैल्यू के आधार पर 20 फीसदी का फिक्स्ड प्राइस बैंड लागू होता है. नए नियमों के तहत अधिकांश इक्विटी और डेट ETF के लिए शुरुआती डायनामिक प्राइस बैंड 10 फीसदी होगा. जरूरत पड़ने पर इसे चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर 20 फीसदी तक किया जा सकेगा. यदि किसी ETF का भाव तय लिमिट तक पहुंच जाता है तो कूलिंग ऑफ अवधि के बाद प्राइस बैंड में 5 फीसदी की बढ़ोतरी की जाएगी
गोल्ड और सिल्वर ETF के लिए अलग नियम..सोना और चांदी बेस्ड ETF के लिए SEBI ने अलग सिस्टम बनाई है. इन ETF पर शुरुआती प्राइस बैंड 6 फीसदी रहेगा. बाजार की स्थिति और अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी कीमतों में बदलाव के आधार पर इसे 3 फीसदी के चरणों में बढ़ाया जा सकेगा. इससे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में होने वाले उतार- चढ़ाव का असर ETF की कीमतों में बेहतर तरीके से दिखाई देगा.
बेस प्राइस तय करने का तरीका भी बदला..SEBI ने ETF का बेस प्राइस तय करने के नियमों में भी बदलाव किया है. अब T- 2 NAV की जगह पिछले कारोबारी दिन के क्लोजिंग प्राइस को आधार बनाया जाएगा. यह क्लोजिंग प्राइस बाजार बंद होने से पहले के आखिरी 30 मिनट के वॉल्यूम वेटेड एवरेज प्राइस के आधार पर तय होगा. यदि उस दौरान कोई ट्रेड नहीं होता है तो आखिरी ट्रेडेड प्राइस को आधार माना जाएगा.
निवेशकों पर क्या होगा असर..जानकारों का मानना है कि नए नियमों से ETF की कीमतें अंडरलाइंग एसेट्स के रियल वैल्यू के अधिक करीब रहेंगी. इससे बाजार में ट्रांसपरेंसी बढ़ेगी और निवेशकों को बेहतर ट्रेडिंग अनुभव मिलेगा. साथ ही तेजी या गिरावट के समय कीमतों में होने वाले असामान्य उतार-चढाव को कंट्रोल करने में भी मदद मिलेगी.




