राजेश कुमार शर्मा सह संपादक-वार्ताहब
शक्तिनगर,सोनभद्र। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से डीएवी सीएई एवं सीबीएसई के दिशा-निर्देशन में डीएवी पब्लिक स्कूल खड़िया में आयोजित त्रिदिवसीय शिक्षक क्षमता संवर्धन कार्यशाला का सफल समापन हुआ।
कार्यशाला का संचालन डीएवी सीएई की निदेशक अकादमिक श्रीमती निशा पेसिन तथा क्लस्टर हेड/एआरओ यूपी जोन-डी श्रीमती संध्या एल. पांडेय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में डीएवी रिहंदनगर, ऊंचाहार, ओबरा, परासी, रॉबर्ट्सगंज, औरी एवं खड़िया से लगभग 100 शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यशाला के दौरान अंग्रेजी, हिंदी, संस्कृत, अर्थशास्त्र, वाणिज्य एवं ईईडीपी विषयों के शिक्षकों ने विषय विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में शिक्षण पद्धति में नवाचार, गतिविधि आधारित शिक्षण एवं आधुनिक शिक्षा तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की। शिक्षकों ने विभिन्न अभ्यासों एवं समूह गतिविधियों के माध्यम से नई शिक्षण विधियों की जानकारी प्राप्त की।
तीसरे दिन क्लस्टर हेड/एआरओ श्रीमती संध्या एल. पांडेय ने सभी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए प्रभावी कक्षा प्रबंधन, विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं क्षमता विकास, संप्रेषण कौशल तथा नैतिक मूल्यों के संवर्धन पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से शिक्षकों को शिक्षा क्षेत्र में हो रहे नवीन परिवर्तनों को कक्षा में प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रेरित किया।
समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित प्राचार्यों ने भी कार्यशाला की गुणवत्ता की सराहना करते हुए उपयोगी सुझाव दिए।
अंत में आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं शिक्षकों के व्यावसायिक विकास के साथ-साथ छात्रों के सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। तीन दिनों तक चली यह कार्यशाला शिक्षकों के लिए अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायी एवं सफल रही।
Author: Rajesh Sharma
.



