राजेश कुमार शर्मा सह संपादक-वार्ताहब
देशभक्ति गीत, लघु नाटिका और ओजस्वी भाषणों ने बांधा समां, वीर शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
शक्तिनगर, सोनभद्र | 25 जुलाई 2026।
डीएवी पब्लिक स्कूल, खड़िया में शनिवार को कारगिल विजय दिवस श्रद्धा, सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री राकेश कुमार अवस्थी (पी.ओ., खड़िया परियोजना), एआरओ/प्राचार्या श्रीमती संध्या एल. पांडेय, वरिष्ठ शिक्षकों, हेड बॉय, हेड गर्ल एवं सभी सदनों के कप्तानों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में कक्षा 11वीं की छात्राओं साक्षी एवं रीतिका ने देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित सभी लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत की। वहीं छात्रा आकांक्षा ने सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी के माध्यम से कारगिल युद्ध से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी साझा की।
कक्षा 11वीं के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत लघु नाटिका ने कारगिल के अमर शहीदों के अद्वितीय बलिदान को जीवंत कर दिया। अदन एवं आर्या ने अपने प्रेरक भाषणों से वीर सैनिकों की शौर्यगाथा का प्रभावशाली वर्णन किया।
अपने संबोधन में प्राचार्या श्रीमती संध्या एल. पांडेय ने कारगिल के वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विद्यार्थियों से अनुशासन, राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रसेवा की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि श्री राकेश कुमार अवस्थी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए देश के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन चारु जिंदल एवं प्रतिष्ठा रघुवंशी ने किया। आयोजन सीसीए प्रभारी श्रीमती मंजु शुक्ला, सूरज वर्मा, रूपाली पाठक एवं विवेक मिश्रा के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। कक्षा 11वीं के सभी विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
Author: Rajesh Sharma
.




