राजेश कुमार शर्मा सह संपादक-वार्ताहब
शक्तिनगर, सोनभद्र | 27 जुलाई 2026 |विद्यार्थियों की रचनात्मक, भाषाई एवं वैज्ञानिक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से डीएवी पब्लिक स्कूल, खड़िया में सोमवार को विभिन्न प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा तृतीय से द्वादश तक के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एआरओ/प्राचार्या श्रीमती संध्या एल. पांडेय के प्रेरणादायक उद्बोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिताएं केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और ज्ञानवृद्धि का सशक्त मंच हैं। उन्होंने विशेष रूप से विज्ञान के क्षेत्र में हो रही नई उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को तार्किक सोच एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिताओं के अंतर्गत कक्षा 3 से 5 के विद्यार्थियों के लिए अंग्रेजी राइम्स प्रतियोगिता, कक्षा 6 से 8 के लिए पोयम रेसिटेशन प्रतियोगिता तथा कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई।
राइम्स प्रतियोगिता में विवेकानंद सदन की शौर्या सिंह ने तृतीय, श्रद्धानंद सदन की सावि सिंह ने द्वितीय तथा विवेकानंद सदन की रितिशा चक्रवर्ती ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
पोयम रेसिटेशन प्रतियोगिता में श्रद्धानंद सदन की सिद्धी गिरि ने तृतीय, अरविंदो सदन के रूद्र वंश ने द्वितीय तथा अरविंदो सदन की सुनिधि तिवारी ने प्रथम स्थान हासिल कर सदन का गौरव बढ़ाया।
विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विवेकानंद सदन की टीम तृतीय, श्रद्धानंद सदन की टीम द्वितीय तथा दयानंद सदन की टीम ने सर्वाधिक अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
राइम्स एवं पोयम प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया, जबकि विज्ञान प्रश्नोत्तरी में प्रतिभागियों ने सटीक एवं तर्कपूर्ण उत्तर देकर अपनी बौद्धिक क्षमता और वैज्ञानिक सोच का उत्कृष्ट परिचय दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन सीसीए प्रभारी श्रीमती मंजू शुक्ला के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। विषय शिक्षकों, निर्णायकों एवं मंच संचालकों ने अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए विजेताओं को शुभकामनाएं दीं। संपूर्ण कार्यक्रम ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं प्रभावशाली रहा।
Author: Rajesh Sharma
.




