Home » शहर » वंदे मातरम् और देशभक्ति के गीतों से गूंज उठा डीएवी खड़िया परिसर

वंदे मातरम् और देशभक्ति के गीतों से गूंज उठा डीएवी खड़िया परिसर

Facebook
Twitter
WhatsApp

डीएवी पब्लिक स्कूल खड़िया में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

राजेश कुमार शर्मा सह-संपादक वार्ताहब

शक्तिनगर/सोनभद्र, 15 अगस्त 2026। डीएवी पब्लिक स्कूल खड़िया परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह और गौरव की भावना के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। एआरओ/प्राचार्या श्रीमती संध्या एल. पांडेय के नेतृत्व में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि खड़िया परियोजना के महाप्रबंधक श्री के.डी. जैन ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान के पश्चात पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।

समारोह के सांस्कृतिक चरण का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री के.डी. जैन, एसओपी मनीष भंडारी, पीओ आर.के. अवस्थी, मैनेजर सीडी अमरेंद्र जी, एटक प्रतिनिधि ऋषि संदीप सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने सामूहिक दीप प्रज्वलित कर किया।

प्राचार्या श्रीमती संध्या एल. पांडेय ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य वीरों और महापुरुषों के त्याग एवं बलिदान का परिणाम है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस को केवल ऐतिहासिक दिन ही नहीं, बल्कि कर्तव्यनिष्ठा, संघर्ष और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा लेने का अवसर बताया। साथ ही उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में सर्वप्रथम ‘वंदे मातरम्—सुजलाम् सुफलाम्’ गीत ने वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। संगीत शिक्षक सोनी के निर्देशन में विद्यार्थियों ने अतिथियों का स्वागत वंदन किया। नर्सरी से यूकेजी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने श्वेता सिंह एवं दीक्षा चौधरी के निर्देशन में ‘अनेकता में एकता’ विषय पर मनमोहक झांकी प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।

कक्षा प्रथम एवं द्वितीय के विद्यार्थियों ने नेहा तिवारी एवं मीनू सिंह के निर्देशन में आजादी के महत्व को दर्शाती प्रभावशाली प्रस्तुति दी। कक्षा सातवीं के छात्र अभिनव शुक्ला ने हिंदी भाषण के माध्यम से देश के वीर सपूतों के शौर्य, त्याग और बलिदान की गाथा प्रस्तुत की। वहीं कक्षा दसवीं की छात्रा अंशिका सिंह ने अंग्रेजी भाषण के माध्यम से देश की गौरवशाली उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए राष्ट्र के प्रति गर्व की भावना व्यक्त की।

कक्षा पांचवीं से सातवीं के विद्यार्थियों ने उत्कर्षा शुक्ला के निर्देशन में मनोहारी मोनो एक्टिंग के जरिए स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को जीवंत किया। वहीं श्वेता सिन्हा एवं दीक्षा चौबे के निर्देशन में कक्षा तृतीय से पंचम के विद्यार्थियों ने ‘सत्यमेव जयते’ और ‘बड़ी मेहनत से मिली हमें आजादी’ जैसे देशभक्ति गीतों पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को उत्साह और राष्ट्रप्रेम से भर दिया।

कक्षा छठवीं से आठवीं के विद्यार्थियों ने नीतू शेखावत एवं दीपांशी के निर्देशन में ‘वंदे मातरम्’, ‘मंगल पांडे’ और ‘झांसी की रानी’ जैसे विषयों पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के शौर्य और राष्ट्रप्रेम को मंच पर साकार किया।

मुख्य अतिथि श्री के.डी. जैन ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार की सराहना की। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

अंत में सीसीए प्रभारी श्रीमती मंजू शुक्ला ने मुख्य अतिथि, अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। देशभक्ति गीतों, नारों और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सराबोर यह समारोह सभी के मन में राष्ट्रप्रेम की अमिट छाप छोड़ गया।

Rajesh Sharma
Author: Rajesh Sharma

.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें