CBSE में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: चेयरमैन-सचिव का तबादला, OSM टेंडर की होगी जांच..केंद्र सरकार ने सीबीएसई से जुड़े मामलों में बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए बोर्ड के चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का तबादला कर दिया है। साथ ही ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सेवाओं की खरीद और टेंडर प्रक्रिया की जांच के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है। सरकारी आदेश के अनुसार जांच समिति की अध्यक्षता एस. राधा चौहान, चेयरपर्सन, क्षमता निर्माण आयोग करेंगी। समिति को OSM सेवाओं की खरीद, टेंडर प्रक्रिया और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आदेश में कहा गया है कि समिति आवश्यकता पड़ने पर अन्य विभागों और कार्यालयों के अधिकारियों की सहायता भी ले सकेगी। समिति को सचिवीय सहयोग क्षमता निर्माण आयोग द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार ने जांच समिति को एक माह के भीतर अपनी रिपोर्ट कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) को सौंपने के निर्देश दिए हैं। हाल के दिनों में सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली, मूल्यांकन प्रक्रिया और टेंडर प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों के बीच इस कदम को जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
CBSE OSM विवाद संसद पहुंचा, 12वीं के छात्र ने टेंडर प्रक्रिया पर उठाए गंभीर सवाल..सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली को लेकर चल रहे विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। कक्षा 12वीं के छात्र सार्थक सिद्धांत ने संसद की शिक्षा संबंधी स्थायी समिति के समक्ष उपस्थित होकर OSM प्रणाली और उससे जुड़े टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं पर अपनी बात रखी। सार्थक ने दावा किया कि नए टेंडर दस्तावेजों में कई महत्वपूर्ण शर्तों में बदलाव किए गए हैं, जिससे एक विशेष सेवा प्रदाता को लाभ मिलने की आशंका है। उन्होंने ब्लैकलिस्टिंग, वित्तीय पात्रता और परियोजना योग्यता से जुड़े नियमों में बदलाव पर भी सवाल उठाए। हालांकि, छात्र ने स्पष्ट किया कि वह ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली के विरोध में नहीं हैं, बल्कि इसे लागू करने से पहले व्यापक परीक्षण और पायलट प्रोजेक्ट की आवश्यकता पर जोर दे रहे हैं। संसदीय समिति इस मामले सहित शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा कर रही है।
री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर साइबर हमले की कोशिश नाकाम, 16 हजार से ज्यादा छात्रों ने किया आवेदन..सीबीएसई के कक्षा 12वीं री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर मंगलवार को भारी ट्रैफिक के बीच साइबर अटैक की कोशिश की गई। बोर्ड के अनुसार कुछ दुर्भावनापूर्ण तत्वों ने पोर्टल की सेवाएं बाधित करने के लिए डिनायल ऑफ सर्विस (DoS) अटैक और अनधिकृत एक्सेस की कोशिश की। सीबीएसई ने बताया कि मात्र दो मिनट में पोर्टल पर करीब 15 लाख हिट दर्ज किए गए, जबकि एक लाख से अधिक बार अनधिकृत फाइल एक्सेस का प्रयास हुआ। इसके बावजूद पोर्टल सुचारु रूप से संचालित होता रहा। दोपहर 3 बजे तक 16 हजार से अधिक छात्र सफलतापूर्वक पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर चुके थे। बोर्ड ने कहा कि तकनीकी टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
फाजिलनगर का नाम बदलेगा, भगवान महावीर की विरासत से जुड़ेगा नया नाम; सीएम योगी का ऐलान..उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर दौरे के दौरान 278 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने क्षेत्र की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि तमकुहीराज और पावा नगर की यह भूमि भगवान राम के पुत्र कुश, भगवान बुद्ध और भगवान महावीर से जुड़ी हुई है तथा कुशीनगर गौरवशाली सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में पिछले नौ-दस वर्षों के दौरान हुए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और विभिन्न माफियाओं का आतंक फैला हुआ था। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने माफिया राज पर प्रभावी कार्रवाई कर प्रदेश में सुरक्षा और विकास का माहौल स्थापित किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि आज युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि फाजिलनगर का नाम बदलकर अब पावागढ़ किया जाएगा। उनके इस घोषणा पर जनसभा में मौजूद लोगों ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार क्षेत्र के विकास और उसकी सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
बिजली बिल के सरचार्ज पर अखिलेश का हमला, बोले- चुनावी खर्च के लिए जनता की जेब काट रही भाजपा..समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर महंगाई बढ़ाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बिजली बिलों पर लगाया जा रहा सरचार्ज 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए धन जुटाने का माध्यम है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार पेट्रोल, डीजल, गैस और बिजली के दाम बढ़ाकर आम जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री आवास के सामने रोडवेज संविदाकर्मियों के आत्मदाह प्रयास को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनहीन हो गई है।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम को लेकर ललित मोदी का बड़ा बयान, बोले- मौका मिला तो फिर से बनवाऊंगा पूरा स्टेडियम..आईपीएल के संस्थापक ललित मोदी ने अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह स्टेडियम दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खेल स्थलों में शामिल हो सकता है, लेकिन इसके लिए इसे दर्शकों की जरूरतों और आधुनिक सुविधाओं को ध्यान में रखकर विकसित करना होगा। एक इंटरव्यू के दौरान ललित मोदी ने कहा कि यदि उन्हें अवसर मिले तो वह मौजूदा स्टेडियम को पूरी तरह से तोड़कर नए सिरे से बनवाना चाहेंगे। उनके अनुसार विश्वस्तरीय खेल परिसर केवल क्षमता के आधार पर नहीं, बल्कि दर्शकों के अनुभव, सुविधाओं और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के आधार पर तैयार किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े खेल आयोजन की सफलता में प्रशंसकों की सुविधा सबसे महत्वपूर्ण होती है। इसलिए स्टेडियम के डिजाइन और प्रबंधन में दर्शकों के अनुभव को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। ललित मोदी के इस बयान के बाद खेल जगत में चर्चा तेज हो गई है कि दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम को और अधिक आधुनिक बनाने की दिशा में भविष्य में क्या कदम उठाए जा सकते हैं।
शेयर बाजार में लौटी रौनक: 4 दिन की गिरावट थमी, सेंसेक्स 383 अंक उछला; निफ्टी 23,483 के पार..लगातार चार कारोबारी सत्रों की गिरावट के बाद मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार ने जोरदार वापसी की। बीएसई सेंसेक्स 382.50 अंक चढ़कर 74,649.84 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 100.96 अंकों की बढ़त के साथ 23,483.55 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार की तेजी में आईटी सेक्टर की अहम भूमिका रही। टीसीएस, इन्फोसिस, एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा के शेयरों में मजबूत खरीदारी देखने को मिली। वहीं अदाणी पोर्ट्स, टाइटन और एचडीएफसी बैंक भी बढ़त में रहे।विशेषज्ञों के अनुसार अमेरिकी टेक कंपनियों के बेहतर नतीजों और वैश्विक स्तर पर एआई व क्लाउड तकनीक में बढ़ते निवेश से आईटी शेयरों को समर्थन मिला। हालांकि विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने सोमवार को 3,911 करोड़ रुपये की बिकवाली की। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि लार्ज-कैप शेयरों के आकर्षक वैल्युएशन और वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। अब निवेशकों की नजर विदेशी निवेश प्रवाह और अंतरराष्ट्रीय बाजार के रुख पर रहेगी।
अब नहीं रुकेगा युवाओं का कारोबार, ऋण स्वीकृति प्रक्रिया में आएगी तेजी..मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान को गति देने के लिए संयुक्त आयुक्त उद्योगअंजू रानी ने मंगलवार को बैंकिंग अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में योजना के तहत प्राप्त और लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए पात्र युवाओं के प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना और रोजगार सृजक के रूप में विकसित करना है। इसके लिए उद्योग विभाग और बैंकों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। बैठक में बैंक अधिकारियों से ऋण स्वीकृति और वितरण प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया। साथ ही निर्णय लिया गया कि लंबित आवेदनों की नियमित समीक्षा कर पात्र लाभार्थियों को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। अधिकारियों ने योजना के लक्ष्यों को पूरा करने और अधिक से अधिक युवाओं को लाभान्वित करने की प्रतिबद्धता जताई।
पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद सियासी संग्राम तेज, ममता बनर्जी का विरोध-प्रदर्शन..पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने और तृणमूल कांग्रेस के सत्ता से बाहर होने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। तृणमूल कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए विरोध-प्रदर्शन शुरू किया है।मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया कि 294 में से 177 सीटों पर मतगणना में गड़बड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रहेगा और पार्टी कार्यकर्ताओं का साथ नहीं छोड़ा जाएगा। वहीं, भाजपा ने टीएमसी के आरोपों को खारिज करते हुए सोनारपुर हिंसा समेत विभिन्न घटनाओं को लेकर तृणमूल को घेरा है। भाजपा नेता समिक भट्टाचार्य ने कहा कि टीएमसी के राजनीतिक हथकंडों का उनकी पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ेगा। टीएमसी नेताओं ने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं को धमकाया जा रहा है, हिरासत में लिया जा रहा है और पार्टी समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इस मुद्दे को लेकर राज्य में सियासी बयानबाजी और तेज हो गई है।
त्विषा केस: कोर्ट में गूंजी गिरिबाला की सफाई—’बहू से कोई विवाद नहीं था’, वहीं मुस्कुराता दिखा समर्थ..चर्चित त्विषा शर्मा दहेज मृत्यु प्रकरण में भोपाल जिला अदालत ने त्विषा की सास एवं सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह और पति अधिवक्ता समर्थ सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल भेज दिया है। दोनों को 16 जून तक जेल में रहना होगा। सीबीआई ने दहेज हत्या, दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न के आरोपों में दोनों को गिरफ्तार कर पांच दिन की रिमांड पर लिया था। पूछताछ पूरी होने के बाद एजेंसी ने आगे की रिमांड नहीं मांगी, जिसके बाद अदालत ने न्यायिक हिरासत का आदेश दिया। सीबीआई के अनुसार पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण सवालों के संतोषजनक जवाब नहीं मिले हैं। अब जांच एजेंसी सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल, व्हाट्सएप चैट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। वहीं अदालत में गिरिबाला सिंह ने खुद को निर्दोष बताते हुए दावा किया कि त्विषा की मौत आत्महत्या का मामला है और उनके बीच कभी कोई विवाद नहीं हुआ।
पिता की याद को बेटी ने यूं किया अमर, हाथ पर गुदवाया प्रतीक यादव का टैटू..सपा प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई दिवंगत प्रतीक यादव की बेटी पद्मजा ने अपने पिता की याद को खास अंदाज में संजोया है। पद्मजा ने अपने हाथ पर पिता के साथ गले लगे हुए एक भावुक चित्र का टैटू बनवाया है। टैटू आर्टिस्ट द्वारा साझा किए गए वीडियो में पद्मजा अपने हाथ पर बने टैटू को देखकर भावुक नजर आती हैं और कहती हैं, “अब पापा हमेशा मेरे साथ हैं।” यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गौरतलब है कि प्रतीक यादव का 13 मई को 38 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। वह पल्मोनरी एम्बोलिज्म सहित फेफड़ों की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन के बाद परिवार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई थी।
राजकीय शिक्षकों के तबादलों को मिली हरी झंडी, जून अंत तक पूरी होगी प्रक्रिया..राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। शासन ने शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर शासनादेश जारी कर दिया है। इसके तहत जून माह के अंत तक तबादला प्रक्रिया पूरी किए जाने की तैयारी है। शासनादेश जारी होने के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग जल्द ही तबादलों के लिए विस्तृत समय-सारिणी जारी करेगा। इसके अनुसार आवेदन, दस्तावेजों का सत्यापन और स्थानांतरण की पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा के भीतर संपन्न कराई जाएगी। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप लागू किया जाएगा। शिक्षक लंबे समय से स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। शासन के इस निर्णय से विभिन्न जिलों में कार्यरत शिक्षकों को अपनी परिस्थितियों के अनुरूप स्थानांतरण का अवसर मिलेगा। इससे शिक्षकों की लंबित मांगों के समाधान के साथ-साथ शैक्षणिक व्यवस्थाओं को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही ऑनलाइन आवेदन और अन्य औपचारिकताओं से संबंधित दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि जून के अंत तक पूरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की जा सके।
रणजी के स्टार आकिब नबी को मिला इनाम, अफगानिस्तान टेस्ट से पहले भारतीय टीम के नेट बॉलर बने..अफगानिस्तान के खिलाफ 6 जून से मुल्लांपुर में होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले बीसीसीआई ने जम्मू-कश्मीर के युवा तेज गेंदबाज आकिब नबी डार को भारतीय टीम के नेट अभ्यास सत्र के लिए बुलाया है। रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के बावजूद टेस्ट टीम में जगह नहीं मिलने पर चयनकर्ताओं की आलोचना हो रही थी। आकिब नबी के अलावा उत्तर प्रदेश के लेग स्पिनर जीशान अंसारी, बाएं हाथ के स्पिनर शिवांग कुमार, तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह, प्रिंस यादव और ऑफ स्पिनर सारांश जैन को भी नेट बॉलर के रूप में शामिल किया गया है। बीसीसीआई सूत्रों के अनुसार, भारतीय बल्लेबाजों को पर्याप्त अभ्यास उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त गेंदबाजों को बुलाया गया है। आईपीएल के व्यस्त कार्यक्रम के कारण टीम के कुछ प्रमुख गेंदबाज सीमित अभ्यास करेंगे। गौरतलब है कि आकिब नबी ने रणजी ट्रॉफी में 60 विकेट लेकर जम्मू-कश्मीर की सफलता में अहम भूमिका निभाई थी। अब उन्हें भारतीय टीम के साथ अभ्यास का मौका मिलने से उनके भविष्य के लिए नए रास्ते खुल सकते हैं।
सूर्या हत्याकांड के बाद एक्शन मोड में प्रशासन, तीन अवैध मदरसों पर चला सीलिंग अभियान..सूर्या हत्याकांड के बाद खोड़ा क्षेत्र में प्रशासन की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। मंगलवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ और पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ ने फोर्स के साथ क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान तीन अवैध मदरसों को चिन्हित कर उन्हें सील करने की कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासन ने बताया कि संबंधित मदरसों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं। वहीं, खोड़ा समेत पूरे देहात क्षेत्र में तीन दिवसीय सत्यापन अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसके तहत हजारों अपराधियों का सत्यापन किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार हत्या, लूट, चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में शामिल अपराधियों की निगरानी की जा रही है। साथ ही आरोपियों से जुड़ी संपत्तियों और अवैध निर्माणों की भी जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पर्यावरण बचाने की पहल: मदर डेयरी लाएगी मिट्टी में गलने वाला दूध पाउच..मदर डेयरी ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए देश का पहला ऐसा दूध पाउच लॉन्च किया है, जो मिट्टी में प्राकृतिक रूप से विघटित हो जाएगा और प्लास्टिक का कोई अवशेष नहीं छोड़ेगा। कंपनी ने घोषणा की है कि विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) से दिल्ली-एनसीआर में गाय के दूध की पैकेजिंग के लिए इस नए पाउच का उपयोग शुरू किया जाएगा। यह विशेष तकनीक से तैयार किया गया है, जो मिट्टी में मौजूद सूक्ष्मजीवों की मदद से प्राकृतिक तत्वों में बदल जाता है। मदर डेयरी के अनुसार, इस पर्यावरण-अनुकूल पैकेजिंग को विकसित करने में चार वर्षों से अधिक का शोध लगा है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इस पहल का दूध की कीमतों पर कोई अतिरिक्त प्रभाव नहीं पड़ेगा। यह कदम प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने और टिकाऊ पर्यावरणीय समाधान को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुक्त व्यापार समझौते के विरोध में किसानों का बिगुल, 4 जून को जिला मुख्यालयों पर होगा प्रदर्शन..संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) ने भारत-अमेरिका प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते के विरोध में 4 जून को देशभर के जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। यह फैसला मोर्चा की आवश्यक ऑनलाइन बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। संयुक्त श्रमिक किसान मोर्चा के संस्थापक जितेंद्र शर्मा ने बताया कि अमेरिका से आए उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल द्वारा भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया के विरोध में यह आंदोलन आयोजित किया जा रहा है। किसानों का आरोप है कि इस समझौते के लिए अमेरिकी प्रशासन भारत पर अनावश्यक दबाव बना रहा है, जो देश के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप के समान है। मोर्चा के आह्वान पर 4 जून को सुबह 11 बजे जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया जाएगा तथा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन किया जाएगा। साथ ही कृषि, डेयरी और पोल्ट्री क्षेत्रों को प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते से बाहर रखने की मांग को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। किसान संगठनों का कहना है कि यह समझौता भारतीय कृषि क्षेत्र के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है। इसलिए इससे जुड़े सभी संगठन अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित कर किसानों के हितों की रक्षा के लिए आवाज बुलंद करेंगे।
वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति 3 से 7 जून तक भारत दौरे पर, कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा..विदेश मंत्रालय ने बताया कि वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज 3 से 7 जून तक भारत दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भारतीय नेताओं से मुलाकात कर ऊर्जा, व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य, दवा, परिवहन और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगी। विदेश मंत्रालय ने नेपाल-भारत सीमा विवाद को द्विपक्षीय मुद्दा बताते हुए कहा कि इसका समाधान दोनों देश आपसी बातचीत से कर रहे हैं। वहीं पाकिस्तान-यूरोपीय संघ के संयुक्त बयान में जम्मू-कश्मीर पर की गई टिप्पणी को भारत ने अपने आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप बताते हुए खारिज किया। मंत्रालय ने बांग्लादेश के साथ नदी संबंधी मुद्दों और अमेरिका से भारतीय नागरिकों की वापसी पर भी भारत की स्पष्ट नीति दोहराई।



