राजेश कुमार शर्मा, सह संपादक–वार्ताहब
ओबरा (सोनभद्र), 09 अगस्त 2026। डीएवी पब्लिक स्कूल ओबरा में रविवार को क्लस्टर-3 स्तरीय अंतर-विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में क्लस्टर-3 के अंतर्गत आने वाले आठ डीएवी विद्यालयों के 400 से अधिक छात्र खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन एथलेटिक्स और टेबल टेनिस की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
उद्घाटन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद डीएवी गान से पूरा परिसर गूंज उठा। विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने अनुशासित मार्च पास्ट करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। खेल ध्वज फहराने के साथ रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में उड़ाकर प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की गई। खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और ईमानदारी के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ‘स्वागतम डांस’ एवं स्वागत गीत ने समारोह में विशेष आकर्षण बढ़ाया।
समारोह में मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक (CGM) श्री दूधनाथ यादव रहे। विशिष्ट अतिथियों में महाप्रबंधक (सिविल) श्री ए.के. राय, CISF कमांडेंट श्री सतीश कुमार सिंह, ARO श्रीमती संध्या एल. पांडे, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चांदनी देवी तथा डीएवी ओबरा की मैनेजर श्रीमती दीपा शरण उपस्थित रहीं। डीएवी अनपरा, डीएवी अनपरा विद्युत, डीएवी खड़िया, डीएवी बीना, डीएवी ककरी, डीएवी रिहंदनगर और डीएवी रॉबर्ट्सगंज के प्राचार्यों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
100 मीटर दौड़: अंडर-14 में आदित्य श्रीवास्तव (अनपरा) प्रथम, सनी गुप्ता (खड़िया) द्वितीय और एस. जायसवाल (ककरी) तृतीय रहे। अंडर-17 में समीर अहमद (बीना) प्रथम, लकी राज (ककरी) द्वितीय और उज्जवल सिंह (ओबरा) तृतीय रहे। अंडर-19 में कुनाल सिंह (ओबरा) प्रथम, कबीर सिंह (अनपरा) द्वितीय और अमित सिंह (ककरी) तृतीय स्थान पर रहे।
400 मीटर दौड़: अंडर-17 में आयुष्मान परमहंस (ओबरा) ने प्रथम, आदित्य साह (बीना) ने द्वितीय और आंशिक द्विवेदी (खड़िया) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 में शिवांकित केशरी (अनपरा) प्रथम, अंकित यादव (ककरी) द्वितीय और संगम (खड़िया) तृतीय रहे।
लंबी कूद: अंडर-14 में अविनाश दीप चौहान (बीना) प्रथम, अंश आर्या (खड़िया) द्वितीय और अश्वनी यादव (अनपरा) तृतीय रहे। अंडर-17 में राजवीर सिंह (ओबरा) प्रथम, शनि देवल (रिहंदनगर) द्वितीय और श्रेयांश देव पांडे (रॉबर्ट्सगंज) तृतीय रहे। अंडर-19 में कुनाल सिंह (ओबरा) प्रथम, आयुष कुमार (बीना) द्वितीय और नीलेश कुमार (रिहंदनगर) तृतीय रहे।
ऊंची कूद: अंडर-14 में अमन गुप्ता (खड़िया) प्रथम, आदित्य श्रीवास्तव (अनपरा) द्वितीय और मो. आबिर (रिहंदनगर) तृतीय रहे। अंडर-17 में लकी राज (ककरी) प्रथम, आशुतोष कुमार दुबे (ओबरा) द्वितीय और शिवांशु सिंह (रॉबर्ट्सगंज) तृतीय रहे। अंडर-19 में अनुराग गौतम (अनपरा) प्रथम, अंशुमान सिंह (ककरी) द्वितीय और आकाश विश्वकर्मा (बीना) तृतीय रहे।
टेबल टेनिस में भी दिखा रोमांच
टेबल टेनिस के अंडर-14 वर्ग में हार्दिक (अनपरा) प्रथम और देवेश (ओबरा) द्वितीय रहे। अंडर-17 में आर्यन (अनपरा) ने प्रथम तथा जय कुमार गुप्ता (ओबरा) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 वर्ग में सत्यम (अनपरा) प्रथम और प्रणीत (खड़िया) द्वितीय रहे।
प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। विभिन्न स्पर्धाओं में कड़े मुकाबलों के बीच खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। विद्यालय परिसर पूरे दिन खेल भावना और उत्साह से सराबोर रहा।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले जारी हैं।
Author: Rajesh Sharma
.




