राजेश कुमार शर्मा, सह संपादक–वार्ताहब
शक्तिनगर/सोनभद्र। डीएवी पब्लिक स्कूल खड़िया में भारत छोड़ो आंदोलन की स्मृति में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और उनके बलिदान से अवगत कराया गया।इस अवसर पर एआरओ एवं प्राचार्या श्रीमती संध्या एल. पांडेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी सहित देश के अनेक वीर सपूतों के त्याग, संघर्ष और बलिदान के परिणामस्वरूप भारत को स्वतंत्रता प्राप्त हुई। हम सभी उनके बलिदानों के सदैव ऋणी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन आदर्शों को अपनाने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा छठवीं से आठवीं तक के विद्यार्थियों के बीच क्विज प्रतियोगिता एवं नाटक मंचन का आयोजन किया गया। वहीं कक्षा नौवीं एवं दसवीं के विद्यार्थियों ने चित्रांकन एवं लेखन प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से देशभक्ति की भावना को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।क्विज प्रतियोगिता में अरविंदो सदन ने तृतीय, दयानंद सदन ने द्वितीय तथा श्रद्धानंद सदन ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।वहीं ‘विकसित भारत की ओर एक कदम’ के तहत ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, विंध्यनगर, मध्य प्रदेश द्वारा 6 से 20 अगस्त तक चलाए जा रहे नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बी.के. श्याम जी ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशामुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई। उन्होंने नशे से होने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं संस्कारवान जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में देशभक्ति एवं जागरूकता का वातावरण देखने को मिला। विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए राष्ट्रप्रेम एवं सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
Author: Rajesh Sharma
.




